# विदेश से लौटी तमिलनाडु के मंदिरों की तीन प्राचीन कांस्य मूर्तियां, एएसआई ने पुलिस को सौंपी

> प्रकाशित: 2026-11-27 11:14 IST  
> लेखक: मदर इंडिया ब्यूरो  
> श्रेणी: देश-दुनिया  
> प्रकाशक: मदर इंडिया पत्रिका (LAPA Media and Entertainment Pvt Ltd)  
> मूल पेज: https://motherindiamagazine.com/asi-america-netherlands-se-laut-chol-murtiyan-tamilnadu/

नई दिल्ली, 26 नवंबर। विदेश पहुंच चुकी तमिलनाडु के प्राचीन मंदिरों की तीन कांस्य मूर्तियां अब अपने घर लौटने की राह पर हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने गुरुवार को नई दिल्ली के ‘धरोहर भवन’ में ये तीनों मूर्तियां तमिलनाडु पुलिस की ‘आइडल विंग सीआईडी’ को औपचारिक रूप से सौंप दीं। इनमें से दो मूर्तियां अमेरिका के स्मिथसोनियन संग्रहालय से और एक नीदरलैंड के हेग से वापस लाई गई है।

### कौन सी हैं ये तीन मूर्तियां

- संत सुंदरार और परवई नचियार: विजयनगर काल की 16वीं सदी की यह कांस्य प्रतिमा तमिलनाडु के कल्लाकुरिची तालुक के वीराचोलापुरम स्थित शिव मंदिर, श्री नारिश्वरा से जुड़ी है। 1956 में इसकी तस्वीर इसी मंदिर में ली गई थी। इसे अमेरिका के स्मिथसोनियन संग्रहालय से वापस लाया गया।

- संत कन्नप्पा नयनार: नागापट्टिनम जिले के थिरुपुगलूर में अरुल्मिगु अग्निश्वरसामी मंदिर की चोल कालीन कांस्य मूर्ति। इसमें शैव संत को त्रिभंग मुद्रा में खड़ा दिखाया गया है और उनका दाहिना हाथ आंख की ओर उठा है। यह मूर्ति नीदरलैंड के हेग से लौटी है।

- सोमस्कंद (शिव और उमा): 12वीं सदी की चोल कालीन कांस्य प्रतिमा, जिसकी तस्वीर 1959 में तंजावुर जिले के मन्नारगुडी तालुक के अलात्तूर स्थित श्री विश्वनाथ शिव मंदिर में ली गई थी। इसे भी स्मिथसोनियन संग्रहालय से वापस लाया गया।

### पुरानी तस्वीरों से हुई पहचान

दो मूर्तियों की पहचान में दशकों पुरानी तस्वीरें अहम रहीं। 1956 और 1959 में मंदिरों में खींची गई इन तस्वीरों से साफ हुआ कि मूर्तियां मूल रूप से कहां स्थापित थीं। यही वजह है कि अब इन्हें तमिलनाडु पुलिस की आइडल विंग को सौंपा गया है, जो मूर्ति चोरी के मामलों की जांच करती है।

मूर्तियों को सौंपने का काम एएसआई के महानिदेशक श्री यदुबीर सिंह रावत ने एएसआई के अन्य अधिकारियों के साथ किया।

### खोई विरासत वापस लाने की मुहिम

संस्कृति मंत्रालय ने इन मूर्तियों की वापसी को भारत की सांस्कृतिक धरोहर को उसके सही स्थान पर लौटाने की कोशिशों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। मंत्रालय के मुताबिक एएसआई देश और विदेश की अलग अलग एजेंसियों के साथ मिलकर भारत की खोई हुई विरासत की पहचान करने, उसे वापस पाने और स्वदेश लाने के काम में लगातार जुटा है।

चोल काल की कांस्य मूर्तियां अपनी बारीक कारीगरी के लिए दुनिया भर में जानी जाती हैं। तमिलनाडु के मंदिरों से गायब हुई ऐसी कई मूर्तियां बीते वर्षों में विदेशी संग्रहालयों और संग्रहों से वापस लाई जा चुकी हैं।

---
पूरी साइट का नक्शा: https://motherindiamagazine.com/sitemap.md
