दिल्ली में जल संकट को लेकर आतिशी शुक्रवार से अनशन पर बैठी हैं। आज उन्होंने एक वीडियो जारी कर हरियाणा सरकार पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। इन सबके बीच जलमंत्री के मंच के पास नौकरी से निकाले गए बस मार्शल ने पहुंचकर काफी प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि हमें ना भाजपा से और ना ही AAP से लेना देना है। हमें हमारी नौकरी चाहिए।
आतिशी के धरना स्थल पर बेरोजगार बस मार्शलों का हंगामा
आतिशी शुक्रवार से भोगल में अनशन कर रही हैं। शनिवार दोपहर अचानक कई लोग अनशन स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। उनका कहना था कि उन्हें बसों में मार्शल के रूप में तैनात किया गया था। सरकार ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया।
दिल्ली सरकार के मंत्री उनकी समस्या नहीं सुनते-आंदोलनकारी
वह पिछले आठ माह से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन दिल्ली सरकार के मंत्री उनकी समस्या सुनने को तैयार नहीं हैं। यदि मंत्री पानी के लिए अनशन कर सकती हैं तो लोगों को रोजगार दिलाने के लिए क्यों नहीं आगे आ रही हैं।
प्रदर्शनकारियों ने कहा हमें चाहिए रोजगार
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि वह शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग लेकर मंत्री के सामने प्रदर्शन करने पहुंची थीं लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट की। उन्हें भाजपा का एजेंट बताया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा, उन्हें न भाजपा से कोई लेना देना है और न आम आदमी पार्टी से। उन्हें सिर्फ अपना रोजगार चाहिए।