BJP का आरोप- राहुल की यात्रा में लगे पाकिस्तान समर्थित नारे, कांग्रेस बोली फर्जी है वीडियो

Political News / राजनीति समाचार:  मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन खूब बवाल मच रहा है। पहले तो कांग्रेस प्रदेश कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के मीडिया समन्वयक भाजपा में शामिल हो गए। इसके कुछ ही देर बाद भाजपा ने आरोप लगाया कि खरगोन में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल की मौजूदगी में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगे। दावा किया है कि यह वीडियो कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया है। इसे बाद में हटा लिया गया। कांग्रेस ने भाजपा के आरोप लगाए वीडियो को झूठा करार दिया है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस मुद्दे पर हमलावर रुख अपनाया है। उन्होंने ट्वीट किया कि भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है। पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है? पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, कांग्रेस ने पलटवार कर कहा कि यह राहुल गांधी का डर है, जो भाजपा में दिख रह है। कूटरचित वीडियो के माध्यम से झूठ फैलाने का षड्यंत्र किया जा रहा है।