# 13 साल का इंतजार खत्म! दुनिया में छाया GTA 6 का जादू, लॉन्च होते ही गेमिंग की दुनिया में मची हलचल

> प्रकाशित: 2026-11-20 06:11 IST  
> लेखक: Workforaayu  
> श्रेणी: टेक  
> प्रकाशक: मदर इंडिया पत्रिका (LAPA Media and Entertainment Pvt Ltd)  
> मूल पेज: https://motherindiamagazine.com/13-sal-ka-intajar-khatma-duniya-men-chhaya/

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे लोकप्रिय वीडियो गेम्स में शामिल Grand Theft Auto (GTA) सीरीज के नए गेम GTA 6 का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। Rockstar Games ने 19 नवंबर 2026 को इस बहुप्रतीक्षित गेम को दुनियाभर में रिलीज कर दिया। करीब 13 साल बाद GTA सीरीज की नई मेनलाइन किस्त आने से गेमिंग की दुनिया में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म पर इसकी चर्चा शुरू हो गई है। भारत में भी गेमर्स लंबे समय से इस लॉन्च का इंतजार कर रहे थे।

99 की रेटिंग के साथ GTA 6 ने बनाया नया रिकॉर्ड

GTA 6 रिलीज होते ही अपनी शानदार शुरुआती समीक्षाओं को लेकर सुर्खियों में आ गया है। अंतरराष्ट्रीय गेमिंग समीक्षकों ने इसके ग्राफिक्स, कहानी और ओपन-वर्ल्ड डिजाइन की जमकर तारीफ की है। Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक, गेम को Metacritic पर 100 में से 99 का स्कोर मिला है। इस रेटिंग के साथ यह अब तक के सबसे ज्यादा रेटिंग पाने वाले वीडियो गेम्स में शामिल हो गया है।

हालांकि, अलग-अलग समीक्षाओं के जुड़ने के साथ इसकी रेटिंग में बदलाव हो सकता है। शुरुआती प्रतिक्रिया से इतना जरूर साफ है कि Rockstar Games ने इस बार गेमर्स की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश की है। Reuters

Vice City की दुनिया में लौटे गेमर्स, Jason और Lucia की कहानी ने बढ़ाई दिलचस्पी

GTA 6 की सबसे बड़ी खासियत इसका नया गेमिंग वर्ल्ड और कहानी है। इस बार खिलाड़ियों को काल्पनिक अमेरिकी राज्य Leonida की दुनिया में घूमने का मौका मिलेगा। इसका प्रमुख शहर Vice City है, जिसे मियामी शहर से प्रेरित होकर तैयार किया गया है।

गेम की कहानी दो मुख्य किरदारों Jason Duval और Lucia Caminos के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों अपराध की दुनिया में साझेदार हैं और एक गलत कदम के बाद ऐसे घटनाक्रम में उलझ जाते हैं, जहां से बाहर निकलना उनके लिए आसान नहीं होता।

समुद्र तट, नाइट क्लब, ऊंची इमारतें, सड़कें और शहर की हलचल को गेम में काफी बारीकी से दिखाया गया है। Rockstar Games ने इस बार गेम की दुनिया को पहले से ज्यादा विस्तृत और जीवंत बनाने पर जोर दिया है।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोशल मीडिया पोस्ट ने भी GTA 6 को लेकर चर्चा को एक नया मोड़ दिया। उन्होंने GTA V और GTA VI के बीच के 13 साल के अंतर को भारत में हुए बदलावों से जोड़ते हुए कुछ ग्राफिक्स साझा किए। इन पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “India is playing a whole new game!” इसमें अर्थव्यवस्था, डिजिटल कनेक्टिविटी, रेलवे, सौर ऊर्जा और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की प्रगति को दिखाया गया।

### भारत में कितनी है GTA 6 की कीमत?

भारतीय गेमर्स के लिए GTA 6 की कीमत भी काफी अहम है। PlayStation Store India पर गेम के Standard Edition की कीमत 5,999 रुपये रखी गई है, जबकि Ultimate Edition के लिए 7,499 रुपये खर्च करने होंगे। Xbox के भारतीय स्टोर पर भी दोनों एडिशन की कीमत इसी स्तर पर बताई गई है।

फिलहाल GTA 6 PlayStation 5 और Xbox Series X|S के लिए उपलब्ध है। PC गेमर्स को अभी इंतजार करना होगा, क्योंकि Rockstar Games ने कंप्यूटर वर्जन की रिलीज को लेकर कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है।

### गेमिंग इंडस्ट्री के लिए क्यों खास है GTA 6 की रिलीज?

GTA 6 की रिलीज को केवल एक नए वीडियो गेम के लॉन्च के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। यह गेमिंग इंडस्ट्री के लिए भी एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। GTA V के बाद करीब 13 साल के अंतराल पर आई इस नई किस्त से गेमर्स को काफी उम्मीदें थीं।

शानदार शुरुआती समीक्षाओं, बेहतर ग्राफिक्स और बड़े गेमिंग वर्ल्ड ने इसकी लोकप्रियता को और बढ़ा दिया है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में GTA 6 बिक्री और खिलाड़ियों के अनुभव के मामले में कौन से नए रिकॉर्ड बनाता है।

---
पूरी साइट का नक्शा: https://motherindiamagazine.com/sitemap.md
