सोने-चांदी में आज बड़ी गिरावट:1400 रुपए लुढ़ककर 54 हजार पर आई चांदी

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी आज सोमवार को सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक आज सोमवार को सर्राफा बाजार में सोना 437 रुपए सस्ता होकर 51,231 रुपए पर आ गया है। वहीं, वायदा बाजार, यानी MCX पर दोपहर 12 बजे सोना 323 रुपए की गिरावट के साथ 50,915 रुपए पर ट्रेड कर रहा है।

54 हजार पर आई चांदी
अगर चांदी की बात करें तो सर्राफा बाजार में ये 1,402 रुपए सस्ती होकर 54,205 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है। MCX पर दोपहर 12 बजे ये 918 रुपए कमजोर होकर 53,862 रुपए पर ट्रेड कर रही है। चांदी का ये 2 साल का निचला स्तर है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1,723 डॉलर पर आया सोना
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो सोना 1,723.36 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 20.17 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।

कैरेट हिसाब से तय होती है सोने की शुद्धता
24 कैरे सोना सबसे शुद्ध होता है। ऐसे में 1 कैरेट गोल्ड का मतलब हुआ, 1/24 पर्सेंट गोल्ड, यदि आपके आभूषण 22 कैरेट के हैं तो 22 को 24 से भाग देकर उसे 100 से गुणा करें। (22/24)x100= 91.66 यानी आपके आभूषण में इस्‍तेमाल सोने की शुद्धता 91.66%।

ये सोने में निवेश का सही समय
भारत समेत दुनियाभर के विश्लेषकों का अनुमान है कि इस साल के आखिर तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 2,000 डॉलर और घरेलू बाजार में 60,000 रुपए तक पहुंच सकता है। जानकारों के अनुसार देश में जरूर महंगाई कम हो रही है, लेकिन वैश्विक पैमाने पर कीमतें लंबे समय तक ऊंची रह सकती हैं। इससे सोने को सपोर्ट मिल रहा है, क्योंकि इसे महंगाई से बचाव का साधन (हेजिंग) माना जाता है। यानी महंगाई बढ़ने पर सोने में निवेश बढ़ जाता है। कई दूसरी परिस्थितियां भी सोने के अनुकूल हैं। मसलन अमेरिका में मंदी की आशंका, ब्याज दरों में बढ़ोतरी थमने के आसार, शेयर बाजारों में गैर-वाजिब तेजी और भू-राजनीतिक तनाव।